Friday, June 19, 2026 Stories That Matter
Press Note

Press Note/Photos file--1 & Invitation from DIPRO Abmala 18.06.2026.

12 वर्षों की उपलब्धियों को विद्यार्थियों ने रंगों में उकेरा
जिला शिक्षा विभाग द्वारा पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग एवं वीडियो प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन
अम्बाला, 18 जून
  केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बलदेव नगर, अंबाला में जिला शिक्षा विभाग द्वारा ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग एवं वीडियो रिकॉर्डिंग प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव  विजय दहिया तथा उपायुक्त अंबाला अजय सिंह तोमर के दिशा-निर्देशों एवं अतिरिक्त उपायुक्त  विराट के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
37 विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, 11 विद्यालयों की रही सहभागिता
प्रतियोगिता में जिले के 11 विद्यालयों के 37 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘नारी शक्ति से राष्ट्र शक्ति’, ‘शिक्षा का अमृतकाल’, ‘युवा शक्ति-विकसित भारत की शक्ति’, ‘डिजिटल भारत’ तथा ‘विकसित हरियाणा’ जैसे समसामयिक एवं प्रेरणादायी विषयों पर अपनी कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण की अवधारणा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टर और चित्र दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
डीईओ सुधीर कालड़ा ने विद्यार्थियों को बताया विकसित भारत का विजन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी अंबाला सुधीर कालड़ा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। आज विद्यालयों में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब्स के माध्यम से विद्यार्थी आधुनिक तकनीकों, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य हुआ है तथा देशभर में बड़ी संख्या में महिलाएं आर्थिक रूप लखपति दीदी बन कर सशक्त हो रही हैं।
विद्यार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेशवाहक बनने का आह्वान
अपने संबोधन में जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी अपने परिवारों एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, नवाचार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
सतबीर सिंह बीईओ रहे समग्र अभियान के नोडल अधिकारी
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा इस विशेष प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु खंड शिक्षा अधिकारी अंबाला-1 सतबीर सिंह को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। उनके निर्देशन में कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया। विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी रणबीर सिंह, फाइन आट्र्स अध्यापक रहे, जिन्होंने सभी गतिविधियों का प्रभावी समन्वय किया।
फाइन आट्र्स विशेषज्ञ ने किया मूल्यांकन
प्रतियोगिता में प्रस्तुत चित्रों एवं पोस्टरों का मूल्यांकन फाइन आट्र्स अध्यापक मनदीप सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, विषय-वस्तु की समझ, संदेश की स्पष्टता तथा कलात्मक प्रस्तुति के आधार पर श्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन किया।
्रये रहे प्रतियोगिता के विजेता
ऑन-द-स्पॉट ड्राइंग प्रतियोगिता में सोहन लाल डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंबाला शहर के समरप्रीत सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जीएमएसएसएस पुलिस लाइन के हरमन सिंह द्वितीय तथा एस.ए. जैन सीनियर मॉडल स्कूल के अनुज प्रिंस तृतीय स्थान पर रहे। एम. डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के हिमांशु ने चतुर्थ तथा पीकेआर जैन गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कृतिका ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
शिक्षकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
इस अवसर पर  उषा, नीलम, अर्पणा, जयवीर, एबीआरसी कोमलप्रीत सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति उनकी सकारात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की।
रंगों के माध्यम से उभरा विकसित भारत का संकल्प
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट चित्रों, पोस्टरों और वीडियो संदेशों के साथ हुआ। प्रतियोगिता ने न केवल विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि उन्हें विकसित भारत, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल प्रगति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से भी जोडऩे का कार्य किया। यह आयोजन शिक्षा विभाग के उस प्रयास का सशक्त उदाहरण बना, जिसके माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्र के विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
फोटो नम्बर - 1 से 4
----------------------------------------------------------------
अम्बाला, 18 जून -
नगराधीश अभिषेक गर्ग ने वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए लोगों की समस्याओं को सुनने का काम किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पंहुचे प्रत्येक प्रार्थियों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगराधीश अभिषेक गर्ग ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उदेश्य से समाधान शिविर शुरू किए गए है। सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का समाधान करें। इस मौके पर अम्बाला शहर विवेक विहार से आए एक व्यक्ति ने सडक़ पर अवैध कब्जा हटाने बारे, समलेहडी से आई पिंकी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध करवाने बारे, मोखा माजरा से आए गुरदेव सिंह ने बिजली की तारों कीे ठीक करवाने तथा गांव से ही आए कुछ लोगों ने जोहड़ की सफाई व्यवस्था करवाने बारे तथा बलदेवनगर से आए एक वृद्धजन ने उसके बेटे द्वारा उसके साथ मारपीट करने को लेकर समस्याएं प्रार्थियों द्वारा रखी गई। नगराधीश ने समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समाधान करने के निर्देश दिए।
नगराधीश ने कहा कि समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजें से दोपहर 12 बजें तक आयोजित किए जा रहें है। यह शिविर उपायुक्त कार्यालय व उपमंण्डल स्तर पर संबंधित एसडीएम कार्यालय में आयोजित किए जा रहें है। इस मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारीगण के साथ-साथ अन्य मौजूद रहें।
फोटो नम्बर - 5 से 7
----------------------------------------------------------------
अम्बाला, 18 जून -
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक  डा. जसविन्द्र सैनी ने जारी प्रैस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार राज्य में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा किसान आईडी बनाई जा रही है जिससे कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की सभी स्कीमों का लाभ एक ही आईडी से मिलेगा। किसानों को एग्री स्टैक योजना के तहत यूनिक आईडी दी जाएगी। इस यूनिक आईडी से किसान एक क्लिक से अपने जमीन के ब्यौरे को देख पाएंगें। इसलिए अधिक से अधिक किसान अपना पंजीकरण करवाएं।
उप निदेशक डा0 जसविन्द सैनी ने जिला अम्बाला के सभी किसानों से अनुरोध किया है कि जिन किसान भाइयों की अभी तक एग्री स्टैक पर किसान आईडी नही बनी है वें जल्द से जल्द अपने नजदीकी अटल सेवा केन्द्र पर जाकर अपनी किसान आईडी बनवाना सुनिष्चित करें। ताकि भविष्य में किसान भाई कृषि योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें।
----------------------------------------------------------------
अंबाला, 18 जून।
केन्द्रीय सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों मे स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में सीईओ जिला परिषद् गगनदीप के मार्गदर्शन में गांव में भी स्वच्छता अभियान बारे ग्रामीणों व अन्य को जागरूक करने का काम किया जा रहा हैं। सीईओ जिला परिषद् गगनदीप ने बताया कि 7 जून से 20 जून 2026 तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिला के ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता, स्वच्छता के प्रति जागरुकता, पर्यावरण की स्थिरता, नागरिकों की भागीदारी के दृष्टिगत 11 जून 2026 से 20 जून 2026 तक जिले में प्रचार अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा हैं। जिसके अन्तर्गत जिला में प्रतिदिन सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता सम्बन्धी सफाई अभियान चलाये जा रहे है।
आज अंबेडकर भवनों, महर्षि वाल्मीकि भवन, संत कबीर दास भवन, गुरू रविदास भवन, शहीद स्मारकों की सफाई, दीवारों पर सफेदी, गलियों की साफ सफाई, परिसरों की सफाई का कार्य करवाया गया।
फोटो नम्बर - 8, 9 व 12
---------------------------------------------------------------
अम्बाला, 18 जून -
केन्द्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा राज्य में विशेष राज्यव्यापी प्रचार अभियान 8 जून से 20 जून 2026 तक चलाया जा रहा है। जिसके तहत बागवानी विभाग अम्बाला द्वारा जिला अम्बाला के सभी 6 ब्लाकों में 48 बागवानी जागरूकता अभियान 29 जून तक चलाए जा रहे हैं। जिसके उपलक्ष्य में आज बागवानी विभाग अम्बाला द्वारा कुल 27 बागवानी जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा चुका है। आज ब्लॉक अम्बाला प्रथम के गांव माजरी व नन्यौला में बागवानी जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
जिला उद्यान अधिकारी ने केन्द्र सरकार के पिछले 12 वर्ष की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए किसानों को बताया कि नए बागों पर अनुदान विभाग द्वारा दिया जा रहा है और किसान परम्परागत खेती को छोडक़र बागवानी फसलों से अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं। पानी की महत्वता को देखते हुए किसानों को सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अपनाने हेतू प्रेरित किया। किसान भाईयों को पोली/नैट हाउस स्थापित करने पर बागवानी विभाग की ओर से 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। किसान सभी प्रकार की सब्जियों जैसे कि टमाटर, शिमला मिर्च, घीया, तोरी इत्यादि पर सब्जियों की काश्त के साथ बंबू स्टैकिंग, मलचिंग, लोटनल, सूक्ष्म सिंचाई में से कोई भी एक तकनीक अपनाकर बागवानी विभाग द्वारा अनुदान राशि प्राप्त कर सकते हैं। किसान भाई संरक्षित खेती को अपनाकर अपनी आय को दोगुना कर सकते है। इसके अतिरिक्त बागवानी विभाग द्वारा सभी ब्लॉक में आयोजित किए जा रहे बागवानी जागरूकता अभियान में मौके पर किसानों को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना, भावांतर भरपाई योजना, आई.एच.डी., एस.सी.एस.पी व एम.आई.डी.एच. स्कीम व विभाग द्वारा चलाई जा रही अन्य स्कीमों की विस्तार से जानकारी दी गई।
इस मौके माजरी गांव के सरपंच गुरप्रीत सिंह, गांव नन्यौला के सरपंच श्रीमती सुदेश देवी, फिरोजपुर के सरपंच नरेश कुमार व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फोटो नम्बर - 10 व 11
----------------------------------------------------------------
अम्बाला, 18 जून
अतिरिक्त उपायुक्त विराट ने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम अति महत्वपूर्ण है और इस कार्य के तहत सम्बन्धित बीएलओज एम्यूनरेशन फार्म को मतदाता के घर जाकर उसे देना सुनिश्चित करेंगे और उसे समयबद्ध तरीके से भरवाकर चुनाव कार्यालय को देना सुनिश्चित करेंगे। उन्होने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी बीएलओज की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। यदि कहीं पर कोई कमी नजर आई तो सम्बन्धित को श्योकेस नोटिस दिया जाएगा और इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में ईआरओ, एईआरओ एवं सम्बन्धित अधिकारियों की एक बैठक ले रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार  के दृष्टिगत 15 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और सम्बन्धित मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म वितरित करने का काम किया जाएगा। इस फार्म को मतदाता साईन सहित भरना सुनिश्चित करेगा। उन्होनें इस मौके पर यह भी कहा कि शैडयूल के अनुसार सभी कार्य होने सुनिश्चित होने चाहिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि सम्बन्धित बीएलओ इस एन्यूमरेशन फार्म को मतदाता के घर देना सुनिश्चित करेगा। वहीं उसके उपरांत सम्बन्धित परिवार का मुखिया इस फार्म को भरकर बीएलओ को देंगे। इसके अलावा मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी/निर्वाचन पंजीयन अधिकारी कार्यालय/जिला निर्वाचन कार्यालय में भी यह फार्म जमा करवा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीएलओ द्वारा इस फार्म के अलावा मतदाता से किसी भी प्रकार के कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जायेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि केवल उन्हीं मतदाताओं का नाम ही मतदाता सूचियों की प्रारम्भिक प्रकाशन में शामिल होगे जिनके द्वारा स्वयं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फार्म दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस भी बीएलओज की इस कार्य के तहत कोई लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि एन्यूमरेशन फार्म समयबद्ध तरीके से समय अवधि के  तहत वितरित होने सुनिश्चित होने चाहिएं।
उन्होंने यह भी बताया कि आयोग की हिदायतों अनुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य के साथ मतदान केन्द्रों का रैशनेलाईजेशन 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने यह भी कहा कि इसके उपरांत मतदाता सूचियों का प्रारम्भिक प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को कर दिया जाएगा और यह सूची जिला प्रशासन की वैबसाईट पर भी अपलोड कर दी जाएगी। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत यदि मतदाता सूचियों से सम्बन्धित कोई दावे तथा आपत्तियां दी जानी है तो 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दी जा सकती हैं। इसके उपरांत 21 जुलाई से 18 सितम्बर तक सम्बन्धित ईआरओ व अथोरिटी द्वारा दावे व आपत्तियों का निपटान किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि इसके उपरांत 22 सितम्बर 2026 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
बैठक में एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम शिवजीत भारती, एसडीएम सतिन्द्र सिवाच, नगराधीश अभिषेक गर्ग, जिला चुनाव तहसीलदार गुलशन के साथ-साथ एईआरओ व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
फोटो नम्बर - 13 व 14
---------------------------------------------------------------
निमंत्रण
मान्यवर,
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दृष्टिगत 19 जून को खेल स्टेडियम सैक्टर 10 अम्बाला शहर में पायलट रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आप सादर आमंत्रित हैं।

डीआईपीआरओ अम्बाला।


Attachments