Tuesday, June 23, 2026 Stories That Matter
Press Note

Press Note/Photos file--1 from DIPRO Ambala 23.06.2026.

अंबाला 23, जून-
उपायुक्त अजय सिंह तोमर के दिशा-निर्देशानुसार एसडीएम दर्शन कुमार ने आज अम्बाला शहर मे विभिन्न नालों व ड्रेनों की सफाई व्यवस्था की वास्तविकता जांचते हुए सफाई व्यवस्था के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम दर्शन कुमार ने सफाई व्यवस्था के दृष्टिगत जन स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई, सिंचाई विभाग व नगर निगम के अंतर्गत आने वाले नालों व ड्रेनों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होने निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को कहा कि जहां पर भी उनके विभाग के अंतर्गत आने वाले नालों या ड्रेनों की सफाई व्यवस्था का कार्य यदि शेष बचा है तो वे उसे तुरंत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में जो नाले गुजर रहे हैं उसकी भी सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और उन्हें भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम दर्शन कुमार ने निरीक्षण के दौरान सैशन ड्रेन, घेल ड्रेन, इंको के नजदीक, सैक्टर 7 रेलवे लाईन के नजदीक, इंको रेलवे लाईन के नजदीक तथा अन्य जगहों से गुजर रहे नालों व ड्रेनों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि जिन भी नालों से गंदगी व अन्य गाद निकाली जा रही है वे वहां से उठवाना भी सुनिश्चित करवाएं ताकि बरसाती पानी की निकासी में किसी प्रकार की कोई रूकावट न आए। उन्होने आमजन से भी अपील की है कि वे नालों व नालियों में पोलोथीन व अन्य न डालें। ऐसा करने से नाले व नालियां अवरूद्ध हो जाती हैं जिसके कारण बरसाती पानी की निकासी में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। निरीक्षण के दौरान उन्होने जन स्वास्थ्य विभाग के एसटीपी का भी जायजा लिया और वहां पर भी बरसाती पानी की निकासी के लिए क्या-क्या व्यवस्थाएं है जैसे मोटरों व अन्य हैं उसकी भी जानकारी ली। उन्होंने निरीक्षण के दौरान यह भी कहा कि जल्द ही उपायुक्त भी नालों व ड्रेनों की सफाई व्यवस्था का जायजा लेंगे। इसीलिए सभी सम्बन्धित विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में नालों व ड्रेनों की सफाई व्यवस्था का शत प्रतिशत कार्य करवाना सुनिश्चित करवाएं।
इस मौके पर कार्यकारी अभियंता कर्णवीर, कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार, नगर निगम से सैनेटरी इंस्पैक्टर मदन लाल व अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
फोटो नम्बर - 1 से 3
----------------------------------------------------------------
अंबाला 23, जून-
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली से देश भर के कृषि मंत्री व अन्य सम्बधिंत विभागों के अधिकारियों साथ अलनीनो के प्रभाव के कारण कम वर्षा  को देखते हुए फसलों से सम्बधिंत जो तैयारियां की जानी है, उसकी विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हरियाणा प्रदेश से कृषि एवं कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी वीसी के माध्यम से जुड़े।
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीसी की अध्यक्षता करते हुए बताया कि मौसम विभाग के अनुसार अबकी बार मानसून कमजोर रहने की उम्मीद है। इसको ध्यान में रखते हुए दाले, तिलहन, बाजरा जैसी फसलों पर जोर देने बारे कहते हुए पानी के संचय करने बारे भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने भी कम वर्षा को देखते हुए प्रदेश में फसलों से सम्बधिंत जो तैयारियां की जा रही है उसकी जानकारी सांझा की।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने वीसी के उपरांत कृषि एवं किसान कल्याण विभाग से आए अधिकारियों को कहा कि कम बारिश को ध्यान में रखते हुए जिन फसलों में पानी की कम खपत होती है  जैसे दाले, तिलहन व अन्य फसलों की बिजाई पर जोर दें। उन्होनें कृषि विभाग के अधिकारियों को यह भी कहा कि इस स्थिति बारे किसानों को भी जागरूक करें और उन्हें ऐसी समय में क्या-क्या कार्य करने है उस बारे भी जागरू करें। किसानों को किसान बीमा योजना के बारे भी जागरूक करें, ताकि यदि कोई ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है तो किसान इस योजना के माध्यम से अपने आर्थिक नुकसान की भरपाई कर सकें।  उन्होनें रेन वॉटर हारवेस्टिंग पर भी जोर देते हुए कहा कि हमारे जो पानी को संचय करने के जो वैकल्पिक प्रबधं है जैसे तालाब, जोहड़ व अन्य है उनकी खुदाई करके वहां पर पानी का संचय हो सकें और जरूरत पडऩे पर उसे फसलों को सिंचने के लिए प्रयोग किया जा सकें।
उपायुक्त ने इस मौके पर यह भी कहा कि वीसी में जो दिशा-निर्देश मिले है उसके तहत भी किसानों को जागरूक करते हुए जो आवश्यक हिदायतें दी गई है उसकी अनुपालना सुनिश्चित करनी हैं। उन्होनें यह भी कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता है, इस बारे भी किसानों को आवश्यक जानकारी दें।
इस मौके पर उपनिदेशक कृषि विभाग डॉ जसविन्द्र सिंह सैनी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी मनजीत कौर, जिला उद्यान विभाग के साथ-साथ अन्य सम्बधिंत विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहें।
फोटो नम्बर - 4 व 5
-----------------------------------------------------------
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशभर में वर्चुअल माध्यम से किया ऑटो म्यूटेशन सिस्टम और पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 का शुभारंभ
अम्बाला, 23 जून।
हरियाणा सरकार ने राजस्व प्रशासन को आधुनिक, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ऑटो म्यूटेशन सिस्टम तथा पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 का शुभारंभ कर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा निवास चंडीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इन दोनों डिजिटल पहलों का वर्चुअल माध्यम से विधिवत उदघाटन किया।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को तेज, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार तकनीकी नवाचारों को अपनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से भूमि एवं संपत्ति संबंधी कार्यों में आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि ऑटो म्यूटेशन सिस्टम लागू होने के बाद संपत्ति की रजिस्ट्री होते ही संबंधित इंतकाल (म्यूटेशन) स्वत: दर्ज हो जाएगा, नागरिकों को अलग से इंतकाल दर्ज करवाने के लिए आवेदन नहीं करना पड़ेगा। जिन मामलों में किसी अतिरिक्त जांच या विभाजन की आवश्यकता नहीं होगी, उनमें 24 घंटे के भीतर इंतकाल स्वीकृत कर दिया जाएगा, जबकि जटिल मामलों का निपटान अधिकतम 10 दिनों के भीतर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विरासत, पारिवारिक बंटवारे तथा न्यायालय की डिक्री आधारित मामलों को भी समयबद्ध तरीके से निपटाया जाएगा।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर कहा कि सरकार की इस डिजिटल पहल से नागरिकों को काफी लाभ मिलेगा। लोग अपने इंतकाल की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे तथा संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां भी डिजिटल माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। इससे भूमि अभिलेखों का रिकॉर्ड तेजी से अपडेट होगा और किसानों तथा भूमि स्वामियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। उन्होंने पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 को राजस्व विभाग के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 1.0 के सफल संचालन और नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर नई प्रणाली को और अधिक उन्नत बनाया गया है। नई व्यवस्था में आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है तथा प्रथम और द्वितीय पक्ष के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी को अनिवार्य किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि इन दोनों डिजिटल पहलों का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को नागरिक हितैषी बनाना है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में रजिस्ट्री के साथ इंतकाल प्रक्रिया को भी एकीकृत किया गया है। नई प्रणाली में आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजिटल हस्ताक्षर और बायोमेट्रिक सत्यापन को अनिवार्य बनाया गया है, जिससे पहचान की शत-प्रतिशत पुष्टि सुनिश्चित होगी। अब रजिस्ट्री आवेदन प्रक्रिया पहले से अधिक सरल और यूजर फ्रेंडली होगी तथा नागरिक स्वयं, डीड राइटर, अधिवक्ता या हेल्प डेस्क के माध्यम से दस्तावेज तैयार कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ऑटो इंतकाल प्रणाली के माध्यम से लाखों किसानों और भूस्वामियों को राहत मिलेगी तथा अधिकांश मामलों में इंतकाल 24 घंटे के भीतर स्वीकृत हो सकेगा। नागरिक अब अपने इंतकाल की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे और उसकी प्रति डाउनलोड भी कर सकेंगे।
इस मौके पर एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम कनिका गोयल, डीआरओ राजेश ख्यालिया, डीआईओ अंकित के साथ-साथ तहसीलदार आदित्य रंगा, नायब तहसीलदार अम्बाला छावनी आशीष के साथ-साथ सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
फोटो नम्बर - 6 व 7
----------------------------------------------------------------

Attachments