Saturday, June 13, 2026 Stories That Matter
Press Note

Press Note/Photos file--1 from DIPRO Ambala 12.06.2026.

अम्बाला, 12 जून -
पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल नन्यौला ने आज लोक निर्माण विश्राम गृह अम्बाला शहर में उपायुक्त अजय सिंह तोमर की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मानसून सीजन के तहत जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत नए विकास कार्यों एवं अन्य घोषणाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ तेजी से करने बारे निर्देश दिए। इससे पहले पूर्व राज्यमंत्री का यहां पहुंचने पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया। इस मौके पर उनके साथ नगर निगम कमीशनर विरेन्द्र सहरावत, अतिरिक्त उपायुक्त विराट, अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त दीपक सूरा, विधानसभा संयोजक रितेश गोयल विशेष रूप मौजूद रहे।
पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल नन्यौला ने इस मौके पर सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ मानसून सीजन के तहत जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए किए जा रही तैयारियों एवं कार्येां बारे विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेषकर नगर निगम, सिंचाई विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित विभागों द्वारा जो कार्य किए जा रहे हैं उसकी बिंदुवार समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत नए विकास कार्यों के साथ-साथ जो कुछ पुरानी घोषणाएं थी उनकी भी सम्बन्धित विभागों के साथ बिंदुवार समीक्षा करते हुए उन्हें कहा कि यह सभी घोषणाएं एवं कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों। यदि किसी कार्य को करने में राज्य स्तर पर या अन्य कोई तकनीकी समस्या है उस बारे उपायुक्त व उनके संज्ञान में लाएं ताकि इन सभी कार्यों को बेहतर समन्वय बनाकर जनता को समर्पित किया जा सके। उन्होने यह भी कहा कि आज की यहां पर आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों ने भी उन्हें आश्वस्त किया कि है कि सभी घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर यह भी कहा कि यदि किसी परियोजना के कार्य में किसी एंजैसी या ठेकेदार द्वारा कोई अनावश्यक देरी की जा रही है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य की कक्षा आठवीं के इतिहास पाठयक्रम में सिक्ख गुरूओं तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर के जीवन, संघर्ष व बलिदान को शामिल करने के प्रश्र का उत्तर देते हुए उन्होने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जो कहा है उसे करके दिखाया है। यह एक एतिहासिक कदम है जिसकी वे ह्दय की गहराईयों से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपने गुरूओं के इतिहास, पराक्रम के बारे जानकारी देने के लिए युवा पीढ़ी को जागरूक करना जरूरी है।
बॉक्स:- आयोजित बैठक के दौरान वीएलडी कालेज, राजकीय कालेज बलदेवनगर, नागरिक अस्पताल अम्बाला शहर का विस्तार, कैनाल से सम्बन्धित ड्रोन पेचिंग का कार्य, वातानुकूलित बारात घर जडौत रोड़, केन्द्रीय कारागार का स्थानांतरण करना, नग्गल पीएचसी का विस्तार, डाक्टरों के लिए आवास की सुविधा, एनएच-65 के तहत किए जाने वाले कार्यों, सिन्थैटिक ट्रैक, वाटर ट्रिटमैंट प्लांट, फायर स्टेशन, नगर निगम कार्यालय, मल्टी लेवल पार्किंग के साथ-साथ अन्य घोषणाओं से सम्बन्धित कार्यों की प्रगति जानते हुए सभी कार्यों को बेहतर समन्वय बनाकर तेजी से करने बारे निर्देश दिए।
बॉक्स:- पूर्व राज्यमंत्री ने इस मौके पर जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को कहा कि जल भराव की स्थिति से तीव्रता से निपटा जा सके, इसके लिए पम्पों की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके साथ-साथ अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों से भी उनके विभाग से सम्बन्धित की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम दर्शन कुमार, सीईओ जिला परिषद गगनदीप, अधीक्षक अभियंता भूपेन्द्र सिंह, अधीक्षक अभियंता मुनीष कुमार, डीआरओ राजेश ख्यालिया, कार्यकारी अभियंता रितेश गोयल, कार्यकारी अभियंता कर्णवीर, कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार, कार्यकारी अभियंता सुमित मलिक के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित विभगाों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
फोटो नम्बर - 1 से 3
-----------------------------------------------------------------------
मूलचंद राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अंबाला छावनी में मेगा जॉब फेयर का आयोजन
अम्बाला, 12 जून -
  मूलचंद राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अंबाला छावनी के प्राचार्या यशपाल ने बताया कि सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक 7 जून से 20 जून 2026 तक प्रदेश भर में जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण शिविर,सभागार बैठकें व रोजगार मिले का आयोजन किया जा रहा है मूलचंद राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अंबाला छावनी में दिनांक 15 जून 2026 को एक भव्य मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित उद्योगों एवं कंपनियों द्वारा भाग लिया जाएगा तथा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
संस्थान के प्राचार्य यशपाल ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में किए गए कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त हो रहे हैं तथा ऐसे जॉब फेयर विद्यार्थियों और उद्योगों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं।
उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेगा जॉब फेयर में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
-----------------------------------------------------------------
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सभी राजनीतिक दल, बीएलए और आमजन करें सहयोग- दर्शन कुमार, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमण्डल अधिकारी (ना.) अम्बाला शहर
15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ करेगें घर-घर सर्वे, मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा, 22 सितम्बर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची।
अम्बाला, 12 जून -
05-अम्बाला शहर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमण्डल अधिकारी (ना.) अम्बाला शहर दर्शन कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र नामों को हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होने शुक्रवार को पंचायत भवन के सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार गुलशन शर्मा ने भी पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया एवं विभिन्न चरणों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
एसडीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। पुनरीक्षण अभियान की तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिटिंग का कार्य 5 जून से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। मतदान केन्द्रों का रैशलाईजेशन 14 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावे तथा आपत्तियों के निपटान का नोटिस फेस 21 जुलाई 2026 से 18 सितम्बर 2026  तथा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 22 सितम्बर 2026 को होगा।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) शीघ्र नियुक्त कर उनके प्रोफार्मा चुनाव कार्यालय में जमा करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों को निर्देश दें कि वे पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ का पूरा सहयोग करें ताकि मतदाता सूची का कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हो सके। उन्होंने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक घर-घर सर्वे के दौरान बीएलओ प्रत्येक मतदाता को एन्यूमरेशन फार्म की दो प्रतियां उपलब्ध करवाएंगे। मतदाता द्वारा स्वयं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फार्म बीएलओ को सौंपना अनिवार्य होगा। मतदाता चाहें तो हस्ताक्षरित फार्म सीधे निर्वाचक पंजीयन अधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में भी जमा करवा सकते हैं। केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे जिनके स्वयं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फार्म प्राप्त होंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएलओ एन्यूमरेशन फार्म के साथ कोई अन्य दस्तावेज प्राप्त नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक प्रकाशन से पूर्व बूथ लेवल एजेंट एक मतदान केन्द्र पर एक दिन में अधिकतम 50 फार्म जमा करवा सकेंगे, जबकि इसके बाद 10 फार्म ही स्वीकार किए जाएंगे। नए पात्र मतदाताओं को फार्म नम्बर-6 के साथ निर्धारित घोषणा-पत्र भी जमा करवाना होगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस बार विशेष गहन पुनरीक्षण के साथ मतदान केन्द्रों का रैशनलाइजेशन भी किया जाएगा। यदि किसी राजनीतिक दल के पास मतदान केन्द्रों में परिवर्तन अथवा सुधार से संबंधित कोई सुझाव है तो वह चुनाव कार्यालय को लिखित रूप में जल्द से जल्द दे सकता है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण नागरिक कर्तव्य भी है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि जब बीएलओ घर-घर सर्वे के लिए आएं तो उन्हें पूर्ण सहयोग दें तथा एन्यूमरेशन फार्म सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ भरकर समय पर जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। इसलिए सभी मतदाता इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि उनके परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में सरपंच, नम्बरदार, चौकीदार, पार्षद तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी लिया जाएगा।
चुनाव तहसीलदार गुलशन शर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी प्रदान की। बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का अनुरोध किया गया।
फोटो नम्बर - 4 व 5
------------------------------------------------------------------------------
उप मंडलीय रोजगार कार्यालय, अंबाला छावनी में प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन
अम्बाला, 12 जून -
उप मंडलीय रोजगार कार्यालय, अंबाला छावनी में आज एक प्लेसमेंट ड्राइव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन सहायक रोजगार अधिकारी साहिल त्यागी के मार्गदर्शन में किया गया। प्लेसमेंट ड्राइव में रामाया हेल्थकेयर तथा एलआईसी इंडिया ने भाग लिया और उपस्थित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। इस अवसर पर कुल 41 अभ्यर्थियों ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को भारत सरकार की विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना तथा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं पात्रता संबंधी जानकारी साझा की गई, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। प्लेसमेंट ड्राइव के सफल आयोजन में कार्यालय के कर्मचारियों दीक्षा, सविता, विशेष, मनोज, आकाश एवं स्नेहा ने सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता निभाई।
सहायक रोजगार अधिकारी साहिल त्यागी ने बताया कि रोजगार कार्यालय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
फोटो नम्बर - 6
--------------------------------------------------------------------

Attachments