Monday, June 29, 2026 Stories That Matter
Press Note

Press note/photo file no-2 from DIPRO AMBALA dated 29 June

1 जुलाई को नारायणगढ़ से प्रदेश की 114 करोड़ रुपये की सात स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी


नारायणगढ़/अम्बाला, 29 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 1 जुलाई को प्रात: 10 बजे नारायणगढ़ पहुंचकर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी लगभग 114 करोड़ रुपये की सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर नारायणगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं लोकार्पण करने के साथ-साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त विराट ने नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ तथा अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री यहां 31.72 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित अतिरिक्त 50 बिस्तरीय भवन एवं ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में पौधारोपण भी करेंगे।

इसके उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त ने अनाज मंडी नारायणगढ़ का निरीक्षण किया, जहां मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने मंच व्यवस्था, आमजन के बैठने की व्यवस्था, मीडिया गैलरी, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी नारायणगढ़ दौरे के दौरान स्वास्थ्य विभाग की कुल सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें नारायणगढ़ उप-मंडलीय अस्पताल में 31.72 करोड़ रुपये की लागत से बने अतिरिक्त 50 बिस्तरीय भवन एवं ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू)का उद्घाटन, स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार (एसएनएसपी) महिला क्लीनिक का शुभारंभ तथा 33.78 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस को नारायणगढ़ से हरी झंडी दिखाकर रवाना करना शामिल है।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री अंबाला, फरीदाबाद, कैथल, पलवल, रेवाड़ी एवं मांडी खेड़ा (नूंह) के छह जिला अस्पतालों के नवीनीकरण उपरांत तैयार परियोजनाओं (28.09 करोड़ रुपये) का लोकार्पण, कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत पांच प्रमुख कॉर्पोरेट संस्थानों के 19.71 करोड़ रुपये के सहयोग से विकसित स्वास्थ्य सुविधाओं, प्रथम चरण में राजकीय विद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवाओं के शुभारंभ तथा प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालयों में आयोजित होने वाले वृक्षारोपण पखवाड़े का भी शुभारंभ करेंगे।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप, एसडीएम शिवजीत भारती, सिविल सर्जन डॉ. रेनू बेरी, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता अमित मलिक, एसएमओ नारायणगढ़ डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. विशाल मौदगिल, डॉ. सुखप्रीत, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. समीर, डॉ. संजीव सिंगला, नगर पालिका सचिव राजेश, पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ वीरेंद सिंह, मार्किट कमेटी के सचिव अखिलेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

फोटो-10/11/12
---------------------------------------------

Attachments