Thursday, June 25, 2026 Stories That Matter
Press Note

PRESS NOTE FROM 01 TO 06 DATE - 25.06.2026

01. फतेहाबाद पुलिस के ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने व युवाओं को जागरूक करने का अभियान जारी

– नशा मुक्ति टीमों ने पीड़ितों की काउंसलिंग कर दवाएं उपलब्ध करवाईं, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक


फतेहाबाद, 25 जून। फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे *‘‘ऑपरेशन जीवन ज्योति’’* अभियान के तहत नशा पीड़ितों के पुनर्वास, उपचार तथा युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नशा मुक्ति टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नशा पीड़ितों से संपर्क स्थापित किया गया तथा उन्हें उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ा गया।
      एसआई सुंदर के कुशल नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद द्वारा गांव नाढोडी में दो, भूना में एक, धागड़ में एक तथा रतिया में एक सहित कुल पांच नशा पीड़ितों की पहचान की गई। टीम ने सभी पीड़ितों की काउंसलिंग कर उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके उपरांत पीड़ितों को आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध करवाई गईं। इनमें से तीन पीड़ितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतिया में दाखिल करवाया गया। इसके अलावा नागरिक अस्पताल फतेहाबाद एवं सीएचसी रतिया में उपचाराधीन नशा पीड़ितों से भी मुलाकात कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें नियमित रूप से उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
       अभियान के तहत हायर एजुकेशन कंप्यूटर एंड लाइब्रेरी रतिया में एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, सामाजिक प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
      वहीं सहायक उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के नेतृत्व में नशा मुक्ति अभियान टोहाना मंडल की टीम ने किला मोहल्ला तथा पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंचकर नशा पीड़ितों से मुलाकात की। टीम ने उनका हालचाल जाना और उन्हें नियमित उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पुराना बस अड्डा क्षेत्र स्थित एक अकादमी में विद्यार्थियों के साथ संवाद कर नशे की समस्या, उसके दुष्प्रभाव तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अतिरिक्त सरकारी अस्पताल टोहाना से नौ युवाओं को उपचार हेतु आवश्यक दवाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया गया।
      फतेहाबाद पुलिस का *ऑपरेशन जीवन ज्योति* अभियान नशा पीड़ितों को मुख्यधारा में लाने, उन्हें उपचार उपलब्ध करवाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से निरंतर संचालित किया जा रहा है।

PN 01

02. पुलिस चौकी बस अड्डा ने होटल कर्मचारी से मारपीट व तोड़फोड़ मामले में एक और आरोपी को किया काबू

– पैराडाईज होटल में हुए हमले के मामले में अब तक चार आरोपी काबू


फतेहाबाद, 25 जून। पुलिस चौकी बस अड्डा की टीम ने पैराडाईज होटल में होटल कर्मचारी के साथ मारपीट, तोड़फोड़ तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए हिसार के घोरा फार्म रोड, हरि विहार कॉलोनी (वर्तमान ऋषि नगर, हिसार) निवासी बीटू कुमार पुत्र चंद्र शेखर को काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। इससे पहले इसी मामले में तीन आरोपी पहले ही काबू किए जा चुके हैं।
        पुलिस चौकी बस अड्डा प्रभारी पीएसआई सुमित ने बताया कि हिसार के सदलपुर निवासी कुलदीप पुत्र सुरजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 01/02 जून की रात कुछ युवकों ने पैराडाईज होटल, सिरसा रोड फतेहाबाद में उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी तथा होटल में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। आरोपियों ने होटल का सीसीटीवी डीवीआर भी साथ ले जाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया था। इस घटना में शिकायतकर्ता को गंभीर चोटें आई थीं।
       शिकायत के आधार पर थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 242 दिनांक 02.06.2026, धारा 115(2), 118(1), 190, 191(2), 109(1), 126(2), 324(5), 333, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
        मामले की जांच जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

PN 02

03. थाना सदर रतिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई : चंद घंटों में हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को किया काबू

– जमीन विवाद को लेकर हुए झगड़े में ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करने का है आरोप


रतिया, 25 जून। थाना सदर रतिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमीन विवाद को लेकर हुए हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को चंद घंटों में काबू करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने हुक्मांवाली निवासी सुखविंद्र सिंह पुत्र बरयाम सिंह को काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
        थाना सदर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक शीशपाल सिंह ने बताया कि मानसा (पंजाब) के गांव मियां निवासी अमृतपाल कौर पत्नी सुखदीप सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।
       शिकायत के अनुसार 22 जून को विवादित जमीन पर कार्य के दौरान आरोपी पक्ष हथियारों सहित मौके पर पहुंचा और झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि सुखविंद्र सिंह ट्रैक्टर लेकर मौके पर आया तथा शिकायतकर्ता के भाई पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया। झगड़े के दौरान लोहे की रॉड, पाइप व डंडों से हमला किया गया, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे लालांवाली निवासी परमजीत सिंह पुत्र बुध सिंह की मृत्यु हो गई तथा अमृतपाल कौर भी घायल हुईं।
       पुलिस ने शिकायत एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अभियोग संख्या 145 दिनांक 23.06.2026, धारा 190, 191(2), 115(2), 109 व 103 बीएनएस के तहत थाना सदर रतिया में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को चंद घंटों में काबू कर लिया है तथा अन्य आरोपियों की तलाश एवं जांच जारी है।

PN 03

04. सहायक उप-निरीक्षक राजेंद्र सिंह को उप-निरीक्षक तथा मुख्य सिपाही प्रदीप को सहायक उप-निरीक्षक पद पर पदोन्नति, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर ने दी बधाई

— कर्तव्यनिष्ठ एवं परिश्रमी अधिकारियों के योगदान को सराहा


फतेहाबाद, 25 जून। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन एवं निरंतर बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए सहायक उप-निरीक्षक राजेंद्र सिंह को उप-निरीक्षक के पद पर तथा मुख्य सिपाही प्रदीप को सहायक उप-निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* ने दोनों अधिकारियों को हार्दिक बधाई दी तथा स्टार लगाकर सम्मानित किया।
      पुलिस अधीक्षक ने इस मौके पर कहा कि राजेंद्र सिंह एवं प्रदीप जैसे समर्पित और ईमानदार अधिकारी/कर्मचारी विभाग की महत्वपूर्ण ताकत हैं। उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर यह पदोन्नति उन्हें प्राप्त हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेंगे।
       पदोन्नत अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
       इस अवसर पर उपस्थित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों को बधाई दी। कार्यक्रम में मिठाई वितरण के साथ उत्साहपूर्ण माहौल रहा, जिसने टीम भावना एवं आपसी सौहार्द को और अधिक मजबूत किया।

PN 04

05. थाना जाखल पुलिस ने गबन/चोरी के मामले में आरोपी को किया काबू

– दुकान से विद्युत सामग्री चोरी करने का है आरोप, आरोपी को माननीय न्यायालय में किया जाएगा पेश


जाखल, 25 जून। थाना जाखल पुलिस ने दुकान से विद्युत सामग्री चोरी/गबन के मामले में कार्रवाई करते हुए गांव बंगा, थाना मूनक, जिला संगरूर (पंजाब) निवासी करमजीत सिंह पुत्र देवी राम को काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
       थाना जाखल प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि जाखल मंडी निवासी गगनदीप जिंदल पुत्र सोहन लाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी जाखल मंडी स्थित “गगन इलेक्ट्रिकल” दुकान पर आरोपी पिछले लगभग 5–6 वर्षों से कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।
       शिकायत के अनुसार कुछ समय से दुकान के स्टॉक में लगातार कमी पाई जा रही थी, जिससे सामान की अनियमितता का संदेह हुआ। जांच के दौरान दुकान से लगभग 50–60 बंडल तार कम पाए गए। पूछताछ करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद शिकायतकर्ता को आशंका हुई कि आरोपी द्वारा विद्युत सामग्री का गबन/चोरी की गई है।
       पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग संख्या 84 दिनांक 23.06.2026, धारा 306 बीएनएस के तहत थाना जाखल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करमजीत सिंह को काबू कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा चोरी गए सामान की बरामदगी एवं अन्य पहलुओं पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

PN 05

06. साइबर थाना फतेहाबाद की पहल : छात्र-छात्राओं व आमजन को साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति किया जागरूक

– नेशनल लाइब्रेरी रतिया में साइबर क्राइम, सोशल मीडिया सुरक्षा व दहेज उन्मूलन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


रतिया, 25 जून। साइबर थाना फतेहाबाद में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता के कुशल नेतृत्व में नेशनल लाइब्रेरी, रतिया (बस स्टैंड रतिया, फतेहाबाद) में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
       कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं आमजन को साइबर क्राइम के विभिन्न प्रकारों जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, ओटीपी शेयरिंग, फेक कॉल्स, सोशल मीडिया हैकिंग एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर विश्वास न करें तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
       सहायक उपनिरीक्षक सुनीता ने विशेष रूप से सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप आदि का उपयोग सावधानीपूर्वक किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे अपनी प्रोफाइल को प्राइवेट रखें, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन पर दें।
       कार्यक्रम में “अभेद्य ऐप” के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि यह ऐप साइबर सुरक्षा के लिए एक उपयोगी माध्यम है, जिसके माध्यम से नागरिक किसी भी प्रकार की साइबर शिकायत दर्ज कर सकते हैं तथा आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
       इसके अतिरिक्त, उपस्थित सभी को दहेज प्रथा के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें समझाया गया कि दहेज लेना और देना दोनों ही सामाजिक बुराई हैं, जो समाज के विकास में बाधा उत्पन्न करती हैं। विद्यार्थियों एवं आमजन को संदेश दिया गया कि वे दहेज मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
       कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर लाइब्रेरी स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय पुलिस टीम का भी विशेष सहयोग रहा।

PN 06



[image: Picture]
*PRO,*
*Fatehabad Police,*
*9466628586*
*email- policeproftb@gmail.com <policeproftb@gmail.com>*







Attachments