Sunday, June 21, 2026 Stories That Matter
Press Note

PRESS NOTE FROM 01 TO 04 DATE - 20.06.2026


01. “AI टूल्स पर दिखने वाले हर लिंक पर भरोसा न करें: एसपी श्रीमती निकिता खट्टर”

-फर्जी शॉपिंग वेबसाइट्स के जरिए साइबर अपराधी लोगों को बना रहे हैं निशाना

-AI द्वारा दिखाए गए लिंक की सत्यता जांचे बिना ऑनलाइन भुगतान न करें

-वेबसाइट का URL, डोमेन और ऑफर्स की विश्वसनीयता अवश्य जांचें


फतेहाबाद, 20 जून। फतेहाबाद पुलिस द्वारा आमजन को ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान बढ़ रहे साइबर फ्रॉड और फर्जी वेबसाइट्स के खतरे को लेकर एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की गई है। *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* ने जिला वासियों से अपील की है कि वे किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या एआई आधारित टूल द्वारा दिखाई गई वेबसाइट पर बिना जांच-पड़ताल किए भरोसा न करें।
       *पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर* ने बताया कि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने आए कुछ मामलों में यह पाया गया है कि साइबर अपराधियों द्वारा तैयार की गई फर्जी शॉपिंग वेबसाइट्स इंटरनेट पर इस प्रकार प्रसारित की जा रही हैं कि वे कई बार एआई आधारित सर्च टूल्स के परिणामों में भी दिखाई दे सकती हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति किसी उत्पाद के बारे में जानकारी प्राप्त करते समय बिना सत्यापन के किसी लिंक पर क्लिक करता है, तो उसके फर्जी वेबसाइट तक पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है।
       उन्होंने बताया कि साइबर ठग नामी ब्रांड्स और कंपनियों की हूबहू दिखने वाली नकली वेबसाइट्स तैयार कर आकर्षक ऑफर्स और भारी छूट का लालच देते हैं। इन वेबसाइट्स का उद्देश्य लोगों से भुगतान करवाना तथा उनकी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी हासिल करना होता है।
      *एसपी श्रीमती निकिता खट्टर* ने बताया कि साइबर अपराधी कई बार इंटरनेट पर बड़ी मात्रा में नकली कंटेंट और क्लोन वेबसाइट्स अपलोड कर देते हैं, जिससे एआई सिस्टम भी भ्रामक स्रोतों को वैध समझ सकता है। इस प्रकार की गतिविधि को "एआई पॉइजनिंग" कहा जाता है, जो वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रही है।
      *पुलिस अधीक्षक* ने नागरिकों से अपील की कि ऑनलाइन खरीदारी करते समय वेबसाइट का URL ध्यानपूर्वक जांचें। केवल आधिकारिक डोमेन जैसे .com, .in अथवा .co.in आदि पर ही भरोसा करें। यदि वेबसाइट के पते में संदिग्ध शब्द, अतिरिक्त अक्षर या असामान्य स्पेलिंग दिखाई दे तो सतर्क रहें। इसके अलावा 70 से 90 प्रतिशत तक की भारी छूट वाले ऑफर्स की सत्यता अवश्य जांचें।
      फतेहाबाद पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि किसी भी ब्रांड का सामान खरीदने के लिए उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर स्वयं जाकर ही खरीदारी करें। किसी एआई टूल, विज्ञापन या अज्ञात लिंक के माध्यम से सीधे भुगतान करने से बचें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

     *“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें।”*

PN 01

02. ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत बलियाला में नशा मुक्ति शिविर आयोजित

– 23 नशा पीड़ितों ने उपचार शुरू किया, स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की टीमों ने दी दवाइयां और परामर्श


फतेहाबाद, 20 जून। फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे *ऑपरेशन जीवन ज्योति* अभियान के तहत नशा मुक्ति टीम लगातार नशे के खिलाफ जागरूकता एवं पुनर्वास संबंधी गतिविधियां संचालित कर रही है। इसी क्रम में एसआई सुंदर के कुशल नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद द्वारा गांव बलियाला में नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार उपलब्ध करवाकर उन्हें सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
      शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉक्टर दीप मान एवं उनकी टीम ने भाग लिया। इस दौरान नशा पीड़ितों की काउंसलिंग की गई तथा उनका स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक रक्त जांच की गई। जांच के उपरांत जरूरतमंद पीड़ितों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एलोपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
       वहीं आयुष विभाग की ओर से डॉक्टर स्वाति अपनी टीम सहित शिविर में मौजूद रहीं। उन्होंने नशा छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाईं तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। चिकित्सकों ने बताया कि उचित उपचार, नियमित परामर्श और परिवार के सहयोग से नशे की लत से छुटकारा पाया जा सकता है।
      शिविर के दौरान 09 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई, जबकि पहले से चिन्हित पीड़ितों सहित कुल 23 व्यक्तियों ने उपचार शुरू करवाया। नशा मुक्ति टीम द्वारा सभी पीड़ितों का रिकॉर्ड तैयार कर उन्हें नियमित फॉलोअप के लिए भी जोड़ा गया।
      फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसे उपचार और परामर्श के लिए प्रेरित करें, ताकि नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

PN 02

03. हनुमान चौक पर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक और आरोपी काबू

– थाना शहर रतिया पुलिस की कार्रवाई, मामले में अब तक चार आरोपी काबू


रतिया, 20 जून। थाना शहर रतिया पुलिस ने हनुमान चौक क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला व मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए गांव अहरवां निवासी संदीप उर्फ सिप्पी पुत्र अंग्रेज सिंह को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में अब तक चार आरोपियों को काबू किया जा चुका है।
       थाना शहर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि शिकायतकर्ता रतिया के शिव चौक निवासी बलिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 17 फरवरी 2026 को वह अपने एक मित्र के साथ हनुमान चौक पर खड़ा था। इसी दौरान कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते उस पर तलवार, गंडासी, रॉड तथा डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे पहले सरकारी अस्पताल रतिया तथा बाद में उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
      उन्होंने बताया कि शिकायत एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना शहर रतिया में अभियोग संख्या 48 दिनांक 19 फरवरी 2026 के तहत धारा 190, 191(3), 115(2), 118(1) एवं 351(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान गांव अहरवां निवासी संदीप उर्फ सिप्पी पुत्र अंग्रेज सिंह की संलिप्तता सामने आने पर उसे काबू कर लिया गया।
       महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि इससे पूर्व इसी मामले में तीन अन्य आरोपियों को भी काबू किया जा चुका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
       आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करने उपरांत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगामी जांच जारी है।

04. मास्टर कॉलोनी में देह व्यापार मामले का खुलासा, महिला आरोपी काबू

– थाना शहर टोहाना पुलिस की कार्रवाई, महिलाओं को अनैतिक कार्य के लिए प्रेरित करने व स्थान उपलब्ध करवाने का आरोप


टोहाना, 20 जून। थाना शहर टोहाना पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के मामले में कार्रवाई करते हुए मास्टर कॉलोनी टोहाना निवासी बबली पत्नी भीरा सिंह को काबू किया है। आरोपी महिला को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
      थाना शहर टोहाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि 18 जून 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि भूना रोड स्थित आईजी कॉलेज के सामने मास्टर कॉलोनी टोहाना में एक मकान में महिलाओं को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार करवाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक भट्टू के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। महिला पुलिस कर्मचारियों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर रेड की गई।
      रेड के दौरान मकान मालिक मास्टर कॉलोनी टोहाना निवासी बबली पत्नी भीरा सिंह मौके पर मौजूद मिली। वहीं एक महिला तथा एक पुरुष भी वहां पाए गए। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी महिला अपने मकान में महिलाओं को बुलाकर उनसे देह व्यापार करवाती थी तथा उनकी कमाई का हिस्सा स्वयं रखती थी। जांच में महिलाओं को अनैतिक कार्य के लिए प्रेरित करने तथा इसके लिए स्थान उपलब्ध करवाने के तथ्य सामने आए।
      उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना शहर टोहाना में अभियोग संख्या 181 दिनांक 18 जून 2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 व 5 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी बबली पत्नी भीरा सिंह को काबू कर लिया गया।
      निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आरोपी महिला को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायालय के आदेशानुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया।
       थाना शहर टोहाना पुलिस ने कहा कि सामाजिक अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

PN 04

05. साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा व महिला सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

– महिला सुरक्षा टीम एवं साइबर थाना फतेहाबाद द्वारा गांव करंडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


रतिया, 20 जून। महिला सुरक्षा टीम प्रभारी निरीक्षक मंजू सिंह तथा साइबर थाना फतेहाबाद में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता के कुशल नेतृत्व में गांव करंडी, रतिया में साइबर जागरूकता एवं महिला सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
      कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश पर क्लिक न करने की सलाह दी गई।
      महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता ने महिलाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों, हेल्पलाइन नंबरों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
      कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें दहेज न लेने और न देने का संकल्प दिलाते हुए बताया गया कि दहेज प्रथा समाज के लिए घातक है तथा इसके उन्मूलन में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
     इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को हरियाणा पुलिस के अभेद्य ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यह ऐप महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है।
      फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की कि साइबर अपराधों एवं सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

PN 05





[image: Picture]
*PRO,*
*Fatehabad Police,*
*9466628586*
*email- policeproftb@gmail.com <policeproftb@gmail.com>*







Attachments