Saturday, July 4, 2026 Stories That Matter
Press Note

PRESS NOTE FROM 01 T0 11 DATE - 03.07.2026

01. सीआईए टोहाना की बड़ी कार्रवाई : 6.67 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी काबू

– गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद

टोहाना, 03 जुलाई। फतेहाबाद पुलिस द्वारा जिलेभर में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध अनुसंधान शाखा (सीआईए) टोहाना ने 6.67 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित एक आरोपी को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर कब्जे में ली है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
       सीआईए टोहाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि 1 जुलाई को उपनिरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में सीआईए टोहाना की टीम सलैमपुरी-ढाणी नूरपुर दिवाना रोड स्थित नहर पुल पर गश्त एवं नशा तस्करी रोकथाम अभियान के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि ढाणी नूरपुर, गांव दिवाना निवासी प्रिंस पुत्र मोहन सिंह हेरोइन लेकर मोटरसाइकिल पर आने वाला है। सूचना के आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मौके पर नाकाबंदी की गई।
       कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिये के अनुसार एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे काबू कर नियमानुसार तलाशी ली, जिसके दौरान उसकी पैंट की दाहिनी जेब से 6.67 ग्राम हेरोइन (पाउच सहित) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद हेरोइन को नियमानुसार सील कर कब्जे में लिया तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
      इस संबंध में थाना सदर टोहाना में अभियोग संख्या 115 दिनांक 02.07.2026 के तहत धारा 21बी, 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

PN 01

02. भट्टू पुलिस की बडी कार्रवाई : अवैध देसी शराब सहित आरोपी गिरफ्तार

– गुप्त सूचना पर खेत में बने कोठे के पास दबिश देकर की कार्रवाई

– आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार शिकंजा


भट्टू कलां, 3 जुलाई। फतेहाबाद पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भट्टू पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 बोतल अवैध देसी शराब सहित एक आरोपी को नियमानुसार काबु कर पुलिस ने जमानत पर रिहा कर दिया है।  
                  थाना प्रभारी भट्टू निरीक्षक रणधीर सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग के एएसआई भूप सिंह अपनी टीम के साथ भट्टू-चौपटा रोड पर गश्त एवं अवैध शराब की रोकथाम के लिए मौजूद थे। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि भरत पुत्र विनोद निवासी धक्का बस्ती भट्टू कलां ठेका देसी शराब के पीछे खेत में बने एक कोठे के पास अवैध रूप से देसी शराब बेच रहा है।
                  सूचना को विश्वसनीय मानते हुए संयुक्त टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। खेत में बने कोठे के पास बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर पूछताछ की गई, जिसने अपनी पहचान भरत पुत्र विनोद निवासी धक्का बस्ती भट्टू कलां के रूप में बताई।
                  नियमानुसार तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक के कट्टे में रखी 15 बोतल देसी शराब (मार्का मस्ती माल्टा) बरामद हुई।
                 इस संबंध में थाना भट्टू कलां में हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा नम्बर 132 दिनांक 01.07.2026 की धारा 61-4-2020 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की नियमानुसार आगे की जांच जारी है ।

03. एएनसी सैल फतेहाबाद ने 271 ग्राम हेरोइन तस्करी मामले के मुख्य सप्लायर को पंजाब से किया काबू

– मामले में पहले ही दो आरोपी हो चुके हैं काबू, मुख्य सप्लायर को माननीय न्यायालय में पेश किया गया


भूना, 03 जुलाई। एएनसी सैल फतेहाबाद ने 271 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के जिला तरनतारन के गांव बरवाला निवासी मनजीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह को मुख्य सप्लायर के रूप में काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इससे पहले इसी मामले में दो आरोपियों को एएनसी सैल फतेहाबाद पहले ही काबू कर चुकी है।
      एएनसी सैल प्रभारी निरिक्षक साधुराम ने बताया कि 15 मार्च 2026 को एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भूना के चंदन नगर स्थित कबीर पार्क के पास कार्रवाई करते हुए भूना के वार्ड नंबर-14 चंदन नगर निवासी प्रदीप उर्फ देव पुत्र दलीप सिंह को काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 271 ग्राम हेरोइन तथा नशा तौलने में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना भुना में अभियोग संख्या 58 दिनांक 15.03.2026 के तहत धारा 21सी, 27ए, 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
       पूछताछ के दौरान प्रदीप उर्फ देव ने खुलासा किया कि बरामद हेरोइन उसे पंजाब के जिला तरनतारन के गांव बरवाला निवासी मनजीत सिंह पुत्र सुरजीत सिंह ने बिक्री के लिए उपलब्ध कराई थी। इस खुलासे तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एएनसी सैल फतेहाबाद ने मुख्य सप्लायर मनजीत सिंह को काबू कर लिया। मामले की गहनता से जांच जारी है तथा नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

PN 03

04. थाना भुना पुलिस ने 10.04 ग्राम हेरोइन मामले के मुख्य सप्लायर को किया काबू

– मामले में पहले ही एक आरोपी हो चुका है काबू, मुख्य सप्लायर को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा


भूना, 03 जुलाई। थाना भुना पुलिस ने 10.04 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर भूना के वार्ड नंबर-5 निवासी सूरज उर्फ सूर्या पुत्र तुलसी को काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। इससे पहले इसी मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही काबू कर चुकी है।
       थाना भुना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 31 जनवरी 2026 को अपराध जांच शाखा फतेहाबाद की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भूना-फतेहाबाद रोड स्थित लॉर्ड कृष्णा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निकट नाकाबंदी के दौरान भूना के वार्ड नंबर-5 डक्की मोहल्ला बाल्मीकि बस्ती निवासी अमरजीत उर्फ अमनी पुत्र राम कुमार को काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.04 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना भुना में अभियोग संख्या 22 दिनांक 31.01.2026 के तहत धारा 21बी, 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
       मामले के अनुसंधान के दौरान एकत्रित वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य सप्लायर सूरज उर्फ सूर्या को काबू कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है तथा नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

05. भट्टू कलां पुलिस की कार्रवाई : अवैध देसी शराब सहित आरोपी काबु

–गुप्त सूचना पर सरवरपुर में दबिश देकर की गई कार्रवाई, अवैध शराब बरामद


– आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, आरोपी को न्यायालय में किया जाएगा पेश

भट्टू कलां, 3 जुलाई। फतेहाबाद पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भट्टू कलां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 बोतल अवैध देसी शराब सहित एक आरोपी को काबु किया है।
                  थाना प्रभारी भट्टू निरीक्षक रणधीर सिंह ने ने बताया कि पुलिस टीम गांव सरवरपुर बस अड्डे के पास गश्त एवं अपराध रोकथाम के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि पृथ्वी भाम्बु पुत्र राम सिंह निवासी गांव सरवरपुर, जिला फतेहाबाद अपने मकान के सामने अवैध रूप से देसी शराब बेच रहा है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
                  मौके पर एक व्यक्ति प्लास्टिक का कट्टा लिए खड़ा दिखाई दिया। उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान पृथ्वी भाम्बु पुत्र राम सिंह निवासी गांव सरवरपुर, जिला फतेहाबाद के रूप में बताई।
                कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें 27 बोतल देसी शराब (मार्का माल्टा) बरामद हुई। इस संबंध में थाना भट्टू कलां में मुकदमा संख्या 133 दिनांक 02.07.2026 के तहत हरियाणा आबकारी अधिनियम की धारा 61-4-2020 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
                 गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की नियमानुसार आगे की जांच जारी है ।

PN 07


06. थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने 13.670 किलोग्राम अफीम तस्करी मामले के मुख्य सप्लायर को पंजाब से किया काबू

– मामले में पहले ही दो आरोपी हो चुके हैं काबू, मुख्य सप्लायर को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा


फतेहाबाद, 03 जुलाई। थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने 13.670 किलोग्राम अफीम बरामदगी के चर्चित मामले में कार्रवाई करते हुए पंजाब के जिला बठिंडा के गांव कोट बख्तू निवासी प्रीतपाल उर्फ लवी पुत्र बंता सिंह को मुख्य सप्लायर के रूप में काबू किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। इससे पहले इसी मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही काबू कर चुकी है।
       थाना सदर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि 30 जून 2026 को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के निकट नाकाबंदी के दौरान मध्यप्रदेश के जिला नीमच के बरलाई निवासी ईश्वर लाल पुत्र मांगीलाल पाटीदार तथा जिला रायसेन के बैजलपुर निवासी सोना प्रजापति पत्नी सुनील प्रजापति को काबू किया था। तलाशी के दौरान उनकी कार से 13.670 किलोग्राम अफीम तथा 30 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 253 दिनांक 30.06.2026 के तहत धारा 18बी, 27ए, 29, 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
      पूछताछ एवं अनुसंधान के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य सप्लायर प्रीतपाल उर्फ लवी को काबू कर लिया। मामले में नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

PN 06

07. सीआईए फतेहाबाद की बड़ी कार्रवाई : 540 लीटर अवैध शराब सहित दो तस्कर काबु

– गुप्त सूचना पर नाकाबंदी कर की गई कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त कार भी बरामद


फतेहाबाद, 3 जुलाई। फतेहाबाद पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध जांच शाखा (सीआईए) फतेहाबाद ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 540 लीटर अवैध शराब सहित दो तस्करों को काबु किये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार भी कब्जे में ली है।
           सीआईए प्रभारी निरीक्षक सन्दीप सिंह ने  बताया कि सीआईए फतेहाबाद की टीम उपनिरीक्षक सुखविंद्र सिंह के नेतृत्व में खान मोहम्मद-ढाणी ढोबा रोड पर गश्त एवं अपराध रोकथाम के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि अमरीक सिंह उर्फ अमरीका पुत्र जंगीर सिंह निवासी गांव रताखेड़ा, जिला फतेहाबाद तथा बलजीत सिंह उर्फ काका पुत्र हजारा सिंह निवासी गांव रोड़, जिला जींद कार में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर सिरसा की ओर से रतिया की तरफ आने वाले हैं।
          सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की कार मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया।
          पुलिस ने नियमानुसार वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से 9 प्लास्टिक कैन बरामद हुए। प्रत्येक कैन में 60-60 लीटर अवैध शराब भरी हुई थी। इस प्रकार कुल 540 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
          इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा नम्बर 287 दिनांक 02.07.2026 धारा 61-4-2020 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों अमरीक सिंह उर्फ अमरीका तथा बलजीत सिंह उर्फ काका को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की नियमानुसार आगे की जांच जारी है।

PN 07

08. थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने 101.63 ग्राम हेरोइन तस्करी मामले में तीन आरोपियों को किया काबू

– 101.63 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए दो अन्य आरोपियों को भी किया काबू, सभी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा


फतेहाबाद, 03 जुलाई। थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने 101.63 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए फतेहाबाद की गली नंबर-6, भाटिया कॉलोनी निवासी रोहित पुत्र राकेश कुमार, फतेहाबाद की कबीर बस्ती निवासी संदीप उर्फ मीती पुत्र रमेश कुमार तथा फतेहाबाद की कबीर बस्ती निवासी सन्नी उर्फ बच्ची पुत्र ओमप्रकाश को काबू किया है। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
       थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी गुरुनानकपुरा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रतिया रोड स्थित शिव मंदिर के निकट कार्रवाई करते हुए रोहित को काबू किया था। नियमानुसार तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 101.63 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 284 दिनांक 01.07.2026 के तहत धारा 21बी, 61 एवं 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
       उन्होंने बताया कि अनुसंधान के दौरान रोहित से पूछताछ, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदीप उर्फ मीती और सन्नी उर्फ बच्ची की संलिप्तता भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। मामले की गहनता से जांच जारी है तथा नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

PN 08


09. 'ऑपरेशन जीवन ज्योति' के तहत फतेहाबाद पुलिस की लगातार पहल, नशा पीड़ितों की काउंसलिंग व उपचार पर विशेष जोर

– गांवों में पहुंचकर नशा पीड़ितों की पहचान, उपचाराधीन युवाओं का हालचाल जाना, परिवारों को भी जोड़ा जा रहा है नशा मुक्ति अभियान से


फतेहाबाद, 03 जुलाई। जिलेभर में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन जीवन ज्योति' के तहत फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा पीड़ितों को उपचार, परामर्श और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने का अभियान लगातार जारी है। अभियान का उद्देश्य नशे के शिकार लोगों को मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें नया जीवन प्रदान करना तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में जनसहभागिता बढ़ाना है।
      इसी क्रम में एसआई सुंदर के कुशल नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद ने गांव माजरा, खारा खेड़ी तथा चिंदड़ का दौरा किया। अभियान के दौरान टीम ने दो नए नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार के लिए प्रेरित किया तथा नौ उपचाराधीन नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही उनकी नियमित काउंसलिंग करते हुए उपचार जारी रखने और नशे से पूरी तरह दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
       दौरे के दौरान टीम ने एक उच्च शिक्षित उपचाराधीन युवक के परिवार की भी विस्तृत काउंसलिंग की। युवक में लगातार सकारात्मक बदलाव आने के बावजूद उसका परिवार उससे दूरी बनाए हुए था। नशा मुक्ति टीम ने परिवार को समझाया कि उपचार के दौरान पारिवारिक सहयोग सबसे महत्वपूर्ण होता है। टीम के समझाने पर परिजनों ने युवक को सुधार का अवसर देने तथा उसका पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया।
       उधर, नशा मुक्ति अभियान के तहत टोहाना मंडल की टीम ने सरकारी अस्पताल टोहाना पहुंचकर उपचाराधीन नशा पीड़ित का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उसके समुचित उपचार को लेकर चर्चा की। इसके बाद टीम ने थाना जाखल क्षेत्र के तलवाड़ा और सीढ़ाणी गांवों का दौरा कर नशा पीड़ितों व उनके परिजनों से संवाद किया। साथ ही गांव तलवाड़ा में आयोजित होने वाले नशा मुक्ति जागरूकता एवं परामर्श शिविर की तैयारियों का जायजा लेते हुए सरपंच एवं गणमान्य नागरिकों से सहयोग का आह्वान किया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

PN 09

10.थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद की जागरूकता पहल, स्कूल बस चालकों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया और दहेज उन्मूलन के प्रति किया जागरूक

– श्री चैतन्य स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, अभेद्य ऐप तथा सामाजिक जागरूकता विषयों पर दी गई विस्तृत जानकारी


फतेहाबाद, 03 जुलाई। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता के कुशल नेतृत्व में श्री चैतन्य स्कूल, फतेहाबाद में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल की बसों के चालकों को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
      महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता ने उपस्थित बस चालकों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
       कार्यक्रम के दौरान बस चालकों को दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया गया। उन्हें स्वयं दहेज न लेने और न ही दहेज देने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा समाज में इस बुराई को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
       इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को अभेद्य ऐप के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें ऐप की उपयोगिता, सुरक्षा संबंधी सुविधाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में इसके प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी बस चालकों ने साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

PN-10

11.  *ऑपरेशन मुस्कान के तहत जाखल पुलिस की सराहनीय पहल : गुमशुदा 12 वर्षीय बालक को सकुशल परिजनों से मिलाया*

*– क्षेत्रवासियों के सहयोग और पुलिस की तत्परता से बालक को सुरक्षित तलाश कर परिवार के सुपुर्द किया गया*


जाखल, 03 जुलाई। ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा व्यक्तियों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए फतेहाबाद पुलिस लगातार संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में थाना जाखल पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए बिना बताए घर से चले गए 12 वर्षीय बालक को सकुशल तलाश कर उसके परिजनों के हवाले किया।
       थाना जाखल प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश ने बताया कि जाखल निवासी 12 वर्षीय नाबालिक बीती शाम बिना बताए घर से कहीं चला गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए बालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। इस दौरान क्षेत्रवासियों का भी सराहनीय सहयोग मिला, जिसके चलते पुलिस टीम ने बालक का सुरक्षित पता लगा लिया।
      आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उसके वारिसानों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली तथा पुलिस और सहयोग करने वाले क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
      फतेहाबाद पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों एवं अन्य व्यक्तियों को उनके परिवारों से मिलाने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ अभियान जारी रखा जाएगा।
PN-11


--



[image: Picture]
*PRO,*
*Fatehabad Police,*
*9466628586*
*email- policeproftb@gmail.com <policeproftb@gmail.com>*







Attachments