Press note file no-2 from DIPRO AMBALA dated 15 June
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 16 जून को अंबाला शहर में लगेगी विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याण शिविर
विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों से रूबरू होंगे नागरिक, पंचायत भवन सभागार में सुबह 10 बजे होगा आयोजन
अंबाला, 15 जून।
केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 16 जून को पंचायत भवन अंबाला शहर के सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए नगराधीश अभिषेक गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा, जिसमें आम नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
नगराधीश अभिषेक गर्ग ने बताया कि प्रदर्शनी में विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं सेवाओं की जानकारी देंगे। इसके माध्यम से नागरिकों को यह जानने का अवसर मिलेगा कि सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कौन-कौन सी योजनाएं चलाई जा रही हैं तथा उनका लाभ किस प्रकार प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के साथ-साथ जनकल्याण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में नागरिकों को योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा।
नगराधीश ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित यह प्रदर्शनी एवं जनकल्याण शिविर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त हो सके। साथ ही आमजन की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
नगराधीश अभिषेक गर्ग ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रदर्शनी एवं जनकल्याण शिविर में पहुंचें, सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता अनुसार उनका लाभ उठाएं।